श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह के जन्मदिवस बड़े नेताओं की मौजूदगी दिखी
शाजापुर ।श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के शाजापुर जिला अध्यक्ष कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया (ठिकाना निपानिया डाबी) के जन्मदिवस के पावन अवसर पर दिनांक 2 फरवरी को कान्हा पैलेस होटल, शाजापुर में भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर शाजापुर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन, संगठन पदाधिकारी एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के बड़े भाई एवं कुश्ती संघ के अध्यक्ष श्री नारायणन यादव जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर शिवप्रताप सिंह चौहान, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाज के प्रबुद्धजन एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों कार्यकर्ता एवं नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य अतिथि नारायणन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया जैसे जमीनी और कर्मठ नेतृत्वकर्ता समाज को संगठित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, सामाजिक एकता बनाए रखने और राष्ट्रहित में कार्य करने वाले ऐसे नेतृत्व समाज की वास्तविक ताकत होते हैं। उन्होंने कुं. सिसोदिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
इस आयोजन में शाजापुर जिले के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि तथा सर्व समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विशेष रूप से शाजापुर विधायक अरुण भीमावत जी, राजपूत समाज के वरिष्ठ नेता ठाकुर योगेन्द्र सिंह (बंटी बना), भंवर सिंह जी कनाडिया, तथा शाजापुर के दिग्गज नेता बॉबी भट, आशीष नागर, श्री संतोष जी जोशी एवं प्रदीप जी चंद्रवंशी सहित समाज के अनेक वरिष्ठ जनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी उपस्थित अतिथियों ने कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सामाजिक, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े कार्यों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ समाज के सम्मान, अधिकारों एवं युवाओं के नेतृत्व निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में करणी सेना शाजापुर जिले में एक सशक्त सामाजिक-राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आई है।
कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, संगठन की मजबूती, युवाओं की सक्रिय भूमिका एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में संगठन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक मजबूती के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
आयोजन उत्साहपूर्ण संपन्न हुआ। अंत में कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, राजनीतिक नेताओं, समाजजनों एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि नारायणन यादव जी ने अपने उद्बोधन में आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें शाजापुर आकर अपार स्नेह, सम्मान और अपनत्व का अनुभव हुआ। उन्होंने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, जिला अध्यक्ष कुं. धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया तथा समस्त समाजजनों का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि शाजापुर की जनता का यह प्रेम और सम्मान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा वे भविष्य में भी इस क्षेत्र से निरंतर जुड़े रहेंगे।
