टेलीग्राम से आई लिंक, झांसे में आकर गुना निवासी युवक ने गंवाए 21 लाख
टेलीग्राम से आई लिंक, झांसे में आकर गुना निवासी युवक ने गंवाए 21 लाख
कोतवाली पुलिस को की शिकायत, पुलिस कर रही मामले की जां
शाजापुर। टेलीग्राम पर आई एक लिंक ओैर उस पर ऑनलाईन जॉब के ऑफर के चक्कर में एक युवक को 21 लाख रू. की बड़ी रकम से हाथ धोना पड़ा। कंपनी ने उसके खाते में कुछ रकम डालकर उसे झांसे में लिया और लालच में आकर युवक ने कंपनी के खाते में 21 लाख जमा करवा दिए। युवक को ठगी का एहसास तब हुआ जब कंपनी ने उससे और 5 लाख रू. की मांग की तथा अपने ग्रुप डिलीट कर दिए। इसके बाद युवक ने पुलिस को शिकायत की।
फरियादी प्रदीप साहू (37) जो गुना के कर्नलगंज का रहने वाला है और वर्तमान में राजनगर में किराए से रहते हैं और इंडो स्टार कैपिटल फाइनेंस लिमिटेड में ब्रांच क्रेडिट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 दिसंबर 2025 को उनके टेलीग्राम आईडी पर मेहक मिश्रा नामक आईडी से संपर्क हुआ, जिसने नौकरी के बारे में पूछा। इसके बाद पूजा श्री नामक आईडी से संदेश आया, जिसने खुद को ओबेराय रियल्टी से जुड़ा बताया। उसे बताया गया कि आनलाइन प्रोजेक्ट पूरे करने पर अच्छा कमीशन दिया जाएगा। शुरुआत में उन लोगों नेएक लिंक के माध्यम से लागिन कराकर प्रोजेक्ट करने की प्रक्रिया समझाई और विश्वास दिलाने के लिए कुछ रकम व कमीशन पीड़ित के खाते में ट्रांसफर भी किया। जब युवक को विश्वास हो गया तो आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से पैसे जमा करवाना शुरू कर दिया। इनमें कभी खाते में बैलेंस माइनस होने, कभी ज्यादा कमीशन मिलने, कभी टैक्स, केवाईसी चार्ज और ईस्टर एग लगने का हवाला दिया गया। पीड़ित से लगातार अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से रकम जमा करवाई जाती रही। आरोपियों ने पीड़ित को बार-बार यह कहकर उकसाया कि अधिक राशि जमा करने पर ही वह अपनी पूरी कमाई निकाल पाएगा। बाद में कंपनी ने अपने ग्रुप डिलीट कर दिए और संपर्क भी नहीं किया। तब पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के खाते से भी गंवाई राशि
प्रदीप साहू ने आरोपियों के झांसे में आकर अपने खातों के साथ-साथ अपनी पत्नी के खाते और क्रेडिट कार्ड से भी बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी। अंत में जब आरोपियों ने 5 लाख रुपये और जमा करने की मांग की और ग्रुप डिलीट कर दिए, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने की अपील, झांसे में न आएं
पुलिस के अनुसार टेलीग्राम आईडी से संपर्क करने वाले आरोपियों ने खुद को मेहक मिश्रा, पूजा श्री, महेश और सिमरन कौर बताया था। फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से बैंक खातों, यूपीआई और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आनलाइन जाब और आसान कमाई के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध लिंक या खाते में पैसा जमा न करें।
