SHAJAPUR : जहां 50 से ज्यादा लोग एकत्र होते हैं, वहां यह इंतजाम जरूरी

शाजापुर कलेक्टर दिनेश जैन ने सोमवार को विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अमले को निर्देश देते हुए कहां कि ऐसे क्षेत्र, जहां 50 से अधिक व्यक्ति एकत्रित रहते हैं या आना-जाना रहता है, ऐसे स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना चाहिए। साथ ही कलेक्टर ने गुलाना में निर्माणाधीन सीएम राइज के लिए फायर सर्टिफिकेट प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

SHAJAPUR : जहां 50 से ज्यादा लोग एकत्र होते हैं, वहां यह इंतजाम जरूरी

निचले स्तर तक पहुंचाएं निर्देश

खबरीराम 24 डॉट कॉम @ SHAJAPUR (MP)

कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर जैन ने कहा कि  ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कई बार देखने में आता है कि बैठकों में अधिकारियों को विभिन्न विषयों के संबंध में दिए गए निर्देशों के बारे में पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों सहित विभागों के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पता ही नहीं होता है। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे निर्देशों को निचले स्तर तक पहुंचाकर पालन करवाएं। साथ ही कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी प्रतिदिन विभागीय योजनाओं एवं कार्यप्रमुख के क्रियान्वयन की समीक्षा करें। कार्य नहीं करने वाले शासकीय सेवकों के विरुद्ध कार्रवाई भी करें। 

यह निर्देश भी दिए

  • उर्वरकों की उपलब्धता के संबंध में उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि वे उर्वरकों के परिवहन के लिए ट्रेकिंग सिस्टम लगाएं। शासन द्वारा शासकीय एवं अशासकीय क्षेत्रों के लिए दिये गए उर्वरकों पर अभी से निगरानी रखें। 
  • जलजीवन मिशन के तहत रेट्रो फिटिंग का कार्य जिन ग्रामों में चल रहा है, उन पर कार्य की गुणवत्ता पर सीइओ जनपद पंचायत नजर रखें। 
  • ठेकेदारों द्वारा कार्यस्थल पर पूरी क्षमता के साथ मानव संसाधन नहीं लगाएं हैं, इस कारण कार्यों में विलंब हो रहा है। साथ ही नलजल कनेक्शन में भी गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। सीईओ जनपद पंचायत इसके बारे में रिपोर्ट दें। 
  • स्थिर जल संरचनाओं में आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के संबंध में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के सीइओ एवं तहसीलदारों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने के निर्देश दिए।
  • आकाशीय बिजली से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए ग्राम पंचायत सचिव एवं पटवारी "दामिनी एप्प" के माध्यम से बिजली गिरने की जानकारी प्राप्त कर ग्रामीणों को पहले से सचेत करें। 
  • निर्माणाधीन सीएम राइज गुलाना के लिए फायर सर्टिफिकेट प्राप्त करें। साथ ही कलेक्टर ने ऐसे क्षेत्र जहां 50 से अधिक व्यक्ति एकत्रित रहते हैं या आना-जाना रहता है, ऐसे स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना चाहिए।

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान 17 सितंबर से 31 अक्टूबर तक

शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का पूरा लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले इसके लिए 17 सितंबर से 31 अक्टूबर, 2022 तक मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को ढूंढकर उन्हें लाभांवित किया जाना है। यह बात कलेक्टर दिनेश जैन ने विभागीय समन्वय बैठक में कही। 

कलेक्टर जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान 17 सितंबर से 31 अक्टूबर 2022 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के माध्यम से सभी योजनाओं में 100 प्रतिशत सेचुरेशन जाने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाएं जाएंगे। साथ ही इसके पूर्व हितग्राहियों को चिंहित करने के लिए सर्वे भी किया जाएगा। इसके लिए शिविर प्रभारी एवं सेक्टर अधिकारी भी बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान दो चरणों में क्रियान्वित किया जाएगा। पहले चरण में हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जायेगा तथा द्वितीय चरण में चिंहित हितग्राहियों को लाभांवित किया जायेगा।  

17 सितंबर को जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन

कलेक्टर जैन ने बताया कि राज्य शासन के निर्देश पर 17 सितंबर को जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस दिन जिले में चार स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा। कलेक्टर ने रक्तदान शिविर में रक्तदान दाताओं की सूची बनाने के लिए रजिस्टर भी रखने के निर्देश दिए। इसी तरह हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करने के लिए भी कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारी को निर्देश दिए 

महिला स्वसहायता समूहों से पौधरोपण कराने के लिए कलेक्टर ने एनआरएलएम प्रबंधक को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस दिन शहरी क्षेत्रों में 500-500 पौधे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 3000 पौधे लगाने के निर्देश दिए। इसी तरह दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरण के संबंध में भी कलेक्टर ने निर्देश दिये। साथ ही विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के आंकलन के लिए शिविर लगाने के निर्देश कलेक्टर ने डीपीसी को दिये।