शाजापुर:  जिला पंचायत में अब भाजपा के हेमराज का ‘राज’

जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों का कब्जा हो गया है। दोनों ही पद निर्विरोध रूप से भाजपा की झोली में आ गए।

शाजापुर:  जिला पंचायत में अब भाजपा के हेमराज का ‘राज’
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसौदिया और उपाध्यक्ष लोकेंद्रसिंह को कंधे पर उठा लिया।

नाम घोषित होते ही मना जश्न

खबरीराम 24 डॉट कॉम @ SHAJAPUR (MP)

जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए शुक्रवार को निर्वाचन प्रक्रिया हुई। इसमें भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष प्रत्याशी हेमराज सिंह सिसौदिया निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भी कंवर लोकेंद्रसिंह खेजडिय़ा निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और ढोल-डीजे के साथ जश्न मनाया और पूरे शहर में विजयी जुलूस निकाला।

शाजापुर जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए शुक्रवार सुबह 10.30 बजे लालघाटी स्थित जिला पंचायत भवन में निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले अध्यक्ष की प्रक्रिया की गई। नाम निर्देशन के लिए दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया। इस दौरान भाजपा की ओर से जिला पंचायत के वार्ड 6 के विजेता हेमराज सिंह सिसौदिया ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की तरफ से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में दोपहर 12.15 बजे नाम वापसी के समय तक सिर्फ एक ही नामांकन था, ऐसे में हेमराज को निर्विरोध रूप से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। 

उपाध्यक्ष के लिए भी सिर्फ लोकेंद्र सिंह खेजडिय़ा

इसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू की गई। दोपहर एक बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा करने का समय था। भाजपा की ओर से वार्ड क्रमांक 13 के विजेता  कंवर लोकेंद्रसिंह खेजडिय़ा ने नामांकन दाखिल किया। दोपहर 1.15 बजे नाम वापसी के समय तक कोई दूसरा नामांकन दाखिल नहीं होने की स्थिति में कंवर लोकेंद्रसिंह खेजडिय़ा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। ऐसे में जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कलेक्टर दिनेश जैन ने दोनों को प्रमाण पत्र सौंपा।

यह भी पढ़ें... पार्षद पर NSA: नपाध्यक्ष के लिए वोट की पात्रता और पार्षदी का क्या होगा ? यह है कानून....

डीजे की धुन और ढोल की थाप पर थिरके भाजपाई

जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। जिला पंचायत के बाहर आतिशबाजी के साथ डीजे की धुन और ढोल की थाप  पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता थिरकने लगे। इसके बाद जैसे ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बाहर आए, उत्साही कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठा लिया। इसके बाद शहर में विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष अम्बाराम कराड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, जिला महामंत्री दिनेश शर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष नवीन राठौर, जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी सहित भाजपा पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें...  शाजापुर: मोहर्रम के जुलूस में तय होगी मशालों की संख्या, बाहरी लोग नहीं आ सकेंगे, कोई भी चेहरा नहीं ढंकेगा, शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोजक की

कांग्रेस के दो सदस्य आए ही नहीं

जिला पंचायत के 13 वार्ड में से 11 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। सिर्फ वार्ड क्रमांक 02 से कांग्रेस समर्थित बोंदीबाई सौराष्ट्रीय और वार्ड क्रमांक 03 से अंजुबाई-मदनसिंह कराड़ा विजयी हुए थे। ऐसे में पहले ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा के खाते में आती दिख रही थी। हालांकि तोडफ़ोड़ के कयास यहां भी लगाए जा रहे थे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। कांग्रेस समर्थित दोनों जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल ही नहीं हुए। ऐसे में भाजपा के सामने कोई भी प्रत्याशी नहीं था।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष यह बोले

निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद हेमराज सिंह सिसौदिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह भाजपा के कुशल नेतृत्व की जीत है, यह भाजपा के हर कार्यकर्ता की जीत है। सिसौदिया ने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनहितैशी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को दिलाया जाएगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संदेश को चरितार्थ करते हुए अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

यह है जिला पंचायत के कुल 13 सदस्य

  • वार्ड क्रमांक 01 से सुंदरबाई मालवीय-मदनलाल, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 02 से बोंदीबाई सौराष्ट्रीय, कांग्रेस समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 03 से अंजुबाई-मदनसिंह कराड़ा, कांग्रेस समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 04 से लोकेंद्र सिंह सोलंकी अरोलिया, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 05 से पवित्रा जगदीश चौधरी, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 06 से हेमराजसिंह (वकील साहब), भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 07 से जगदीश फौजी, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 08 से गोकलबाई, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 09 से मुरारीलाल पटेल, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 10 से रसकुंवर मनोहरसिंह, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 11 से सुनीता राकेश पाटीदार, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 12 से नवीन शिंदे, भाजपा समर्थित
  • वार्ड क्रमांक 13 से कंवर लोकेंद्रसिंह खेजडिय़ा, भाजपा समर्थित